झारखंड में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट, CM हेमंत सोरेन ने दिए साफ पेयजल की व्यवस्था के निर्देश
झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने राज्य के सभी अधिकारियों को आम लोगों के लिए साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, बीडीओ, सीओ और पंचायत प्रतिनिधियों को सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि जहां पानी की समस्या हो, वहां तुरंत टैंकर भेजे जाएं और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराई जाए।
हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि राज्य के किसी भी गांव, मोहल्ले या इलाके में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को संवेदनशीलता और तेजी के साथ काम करने की जरूरत है ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
झारखंड के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। हालांकि महीने के अंत तक कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं से राहत
मिलने की संभावना जताई गई है।
