विश्व पर्यावरण दिवस पर आसनसोल मंडल का हरित संकल्प, माहभर चला व्यापक पर्यावरण अभियान संपन्न

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण जागरूकता, वृक्षारोपण तथा जनसहभागिता पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। यह अवसर 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल भर में चलाए गए पर्यावरण अभियान के सफल समापन का भी प्रतीक रहा। कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, अस्पतालों एवं सेवा प्रतिष्ठानों में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डीआरएम कार्यालय, आसनसोल में पर्यावरण दिवस की शपथ दिलाकर की गई। मंडल रेल प्रबंधक ,श्री संग्रह मौर्य ने अपर मंडल रेल प्रबंधक, श्री प्रवीण कुमार प्रेम, शाखा अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की उपस्थिति में शपथ दिलाई। इसी प्रकार मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे प्रतिष्ठानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों को पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी व्यवहार अपनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
डीआरएम कार्यालय परिसर में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, रेलवे कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने तख्तियों एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्रदूषण में कमी तथा सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मंडल भर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। डीआरएम कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक ,श्री संग्रह मौर्य, अपर मंडल रेल प्रबंधक ,श्री प्रवीण कुमार प्रेम, शाखा अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स
एवं गाइड्स द्वारा पौधारोपण किया गया। इसी प्रकार आसनसोल, रानीगंज, पानागढ़, अंडाल, बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर, जामताड़ा तथा अन्य रेलवे स्टेशनों एवं प्रतिष्ठानों में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंडलीय रेलवे अस्पताल, आसनसोल में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अस्पताल परिसर में 151 पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। इसके अतिरिक्त सीतारामपुर, मधुपुर एवं बराकर स्थित स्वास्थ्य इकाइयों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जहां प्रत्ये
क इकाई में 21-21 पौधे लगाए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
दुमका स्टेशन के समीप स्थित रेलवे कॉलोनी में भी एक महत्वपूर्ण वृक्षारोपण पहल प्रारंभ की गई, जिसके अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से 1,000 आम के पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पर की गई तथा पौधों के एक वर्ष तक समुचित रखरखाव एवं निगरानी की व्यवस्था एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से सुनिश्चित की गई है।
अभियान अवधि के दौरान मंडल भर में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार को बढ़ावा देने जैसी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन पहलों को रेलवे कर्मचारियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, विद्यार्थियों, चिकित्सा कर्मियों तथा स्थानीय समुदाय के सदस्यों का उत्साहपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
विश्व पर्यावरण दिवस के सफल आयोजन तथा माहव्यापी अभियान के समापन ने रेलवे परिसरों में पर्यावरणीय जागरूकता और पारिस्थितिकीय सततता को बढ़ावा देने के प्रति आसनसोल मंडल की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। रेलवे कर्मचारियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने एक हरित, स्वच्छ एवं सतत भविष्य के निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ किया।
